सिडकुल हाईवे स्थित मनचंदा धर्म कांटे पर फर्जीवाड़े का आरोप, स्थानीय लोगों का प्रदर्शन

हरिद्वार सिडकुल हाईवे स्थित मनचंदा धर्म कांटे पर स्थानीय लोगों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। आरोप है कि यहां रेत-बजरी लेकर आने वाली ट्रॉलियों का तौल कम दिखाया जाता है, लेकिन रसीद में ज्यादा वजन दर्ज किया जाता है। इससे आसपास निर्माण कार्य कर रहे लोगों को भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि गरीब और मध्यमवर्गीय परिवार, जो बड़ी मुश्किल से अपना घर बना रहे हैं, उनके साथ खुला अन्याय हो रहा है। गुस्साए लोगों ने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही इस पर अंकुश नहीं लगाया गया तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करेंगे।
प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे आल इंडिया धनगर समाज के प्रदेश अध्यक्ष मनोज धनगर ने कहा कि लंबे समय से ऐसी शिकायतें मिल रही थीं और अब यह मामला गंभीर रूप ले चुका है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि इस कांटे पर तैनात कर्मचारियों की भी जांच की जाए, ताकि पूरी सच्चाई सामने आ सके। वहीं समाजसेवी संजय पाल ने चेतावनी दी कि अगर धर्म कांटा संचालक पर तुरंत कार्रवाई नहीं की गई तो धरना लगातार जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि एसडीएम और पुलिस प्रशासन को सूचित कर दिया गया है और अब पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई गई है। प्रदर्शनकारियों ने साफ कहा कि न्याय मिलने तक वे पीछे हटने वाले नहीं हैं।
– मनोज धनगर, प्रदेश अध्यक्ष ऑल इंडिया धनगर समाज