हरिद्वार में अष्टमी पर उमड़ी श्रद्धा, मां महागौरी की पूजा-अर्चना से गूंजी घाट-घाट
हरिद्वार में नवरात्र के आठवें दिन अष्टमी पर्व पर मां दुर्गा के आठवें स्वरूप महागौरी की भव्य पूजा-अर्चना हुई। सिद्ध पीठ मायादेवी मंदिर, मनसा देवी और चंडीदेवी मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। घरों और मंदिरों में कन्या पूजन कर भक्तों ने मां भगवती से सुख-समृद्धि की कामना की। छोटी-छोटी कन्याओं का तिलक कर उन्हें भोजन करवाया गया और चुनरी, उपहार व वस्त्र भेंट किए गए।
अष्टमी पर्व पर हरिद्वार के घाटों से लेकर मंदिरों तक भक्ति का विशेष माहौल रहा। कई आश्रमों में अनुष्ठानों की पूर्णाहुति हुई तो वहीं भक्तों ने अपनी-अपनी सामर्थ्य के अनुसार कन्याओं को दक्षिणा अर्पित की। श्रद्धालुओं का मानना है कि सिद्ध पीठों की आराधना और कन्या पूजन से मां महागौरी का आशीर्वाद प्राप्त होता है, जिससे जीवन में समृद्धि, सौभाग्य और शांति का वास होता है।