रोहतक के एएसआई ने एडीजीपी वाई पूरण कुमार को भ्रष्ट बताकर आत्महत्या कर ली। एएसआई संदीप लाठर मंथली मांगने में एडीजीपी के गनमैन को गिरफ्तार करने वाली टीम में शामिल थे। चार पेज का सुसाइड नोट मिला है। एडीजीपी वाई पूरण कुमार के गनमैन रहे हवलदार सुशील कुमार को गिरफ्तार करने वाली टीम में शामिल रोहतक साइबर सेल के एएसआई संदीप लाठर (42) ने मंगलवार दोपहर सर्विस पिस्टल से गोली मारकर खुदकुशी कर ली। मौके से चार पेज का सुसाइड नोट मिला है। इस नोट और इससे पहले बनाए गए वीडियो में संदीप ने एडीजीपी पूरण कुमार को भ्रष्ट अधिकारी बताया। कहा, भ्रष्टाचार केस में गिरफ्तारी के डर से ही पूरण कुमार ने खुदकुशी की थी।

जींद के जुलाना निवासी संदीप लाठर रोहतक के सुखपुरा चौक स्थित पुलिस क्वार्टर में मां इंद्रावती, पत्नी संतोष और तीन बच्चों (प्रतिभा, रूपक व विहान) के साथ रहते थे। पांच बहनों के वे इकलौते भाई थे।
संदीप मंगलवार सुबह सादे कपड़ों में रोहतक जिला मुख्यालय से करीब 10 किलोमीटर दूर गांव लाढ़ौत में अपने मामा व पूर्व सरपंच बलवान के खेत में पहुंचे थे। यहीं पहली मंजिल पर बने कमरे (कोठड़े) में दोपहर करीब एक बजे सर्विस पिस्टल से कनपटी में गोली मारकर खुदकुशी कर ली
। *कनपटी से खून की बौछार*
गोली की आवाज सुनकर खेत में काम कर रहा यूपी के बहराइच जिले का निवासी जिलेदार कमरे में पहुंचा। जिलेदार ने बताया कि संदीप की कनपटी से खून की बौछार निकल रही थी। उसने तुरंत मालिक के बेटे अजीत को फोन करके सूचना दी। अजीत ने पुलिस को घटना की जानकारी दी।

*तीन घंटे तक टीम ने की जांच*
एएसआई के सुसाइड की खबर मिलते ही एसपी सुरेंद्र कुमार भौरिया समेत तमाम अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए। फॉरेंसिक टीम भी बुलाई गई। करीब तीन घंटे तक टीम ने जांच की। एसपी ने बताया कि मौके से चार पेज का पत्र मिला है। हालांकि इसके आगे उन्होंने जांच का विषय बता दिया।

सुसाइड नोट में संदीप कुमार ने जातिवाद और भ्रष्टाचार की लड़ाई में खुद की शहादत को पहली बताया है। लिखा है कि एडीजीपी वाई पूरण कुमार जब से रोहतक के आईजी बनाए गए थे तभी से जातिवाद और भ्रष्टाचार कर रहे थे। नोट में तमाम आईएएस को भ्रष्ट बताते हुए रोहतक के पूर्व एसपी नरेंद्र बिजारणिया को ईमानदार अफसर लिखा गया है।

*संदीप को स्वतंत्रता दिवस पर सीएम ने किया था सम्मानित*
एएसआई संदीप का परिवार सेवा और त्याग की परंपरा से जुड़ा रहा है। उनके पिता दयानंद भी पुलिस इंस्पेक्टर थे। सेवानिवृत्त के बाद करीब 20 वर्ष पहले वे ट्रेन से सफर के दौरान हादसे का शिकार हो गए थे। संदीप के दादा भरत सिंह और छोटे दादा ने सेना में सेवाएं दी थीं। छोटे दादा ने बर्मा (अब म्यांमार) में लड़ाई लड़ी और सात साल जेल भी काटी थी। उन्हीं से प्रेरित होकर संदीप ने पुलिस की नौकरी चुनी थी। क्राइम ब्रांच में शानदार सेवाओं के लिए बीते स्वतंत्रता दिवस समारोह में सीएम नायब सिंह सैनी ने उन्हें सम्मानित भी किया था। खेत में बनाया वीडियो, राव इंद्रजीत को बचाने को 50 करोड़ की डील का आरोप
लाठर ने आत्महत्या से पहले खेत में वीडियो बनाया। इसमें सुसाइड नोट में लिखी अधिकांश बातें दोहराई गई हैं। उसने एडीजीपी वाई पूरण कुमार को भ्रष्ट बताते हुए कई गंभीर आरोप लगाए। कहा, एडीजीपी ने भ्रष्ट कर्मचारियों को छांटकर अपने साथ रखा। इन भ्रष्ट कर्मचारियों ने फाइलों में क्लेरिकल गलतियां निकाल पुलिसकर्मियों का शोषण किया। महिला पुलिसकर्मियों का यौन शोषण किया गया। पूरण कुमार पर किसी राव इंद्रजीत नामक व्यक्ति को किसी मामले से निकालने के नाम पर 50 करोड़ की डील करने का भी आरोप लगाया।

परिजन बोले- मौत के जिम्मेदारों की हो गिरफ्तारी, तभी करेंगे अंतिम संस्कार*
एएसआई के परिजनों ने संदीप का शव कब्जे में ले लिया है। घटनास्थल से करीब आधा किलोमीटर दूर मुख्य सड़क तक परिजन ही शव लेकर गए। रास्ते में एएसपी प्रतीक अग्रवाल और एसडीएम आशीष ने काफी देर तक मान-मनौवल किया लेकिन वे पोस्टमार्टम कराने से लिए राजी नहीं हुए। संदीप के चाचा शीशपाल और भाई जसबीर लाठर ने कहा कि सुसाइड नोट में जो लिखा है, उसके हिसाब से एफआईआर दर्ज हो। कार्रवाई हो। निष्पक्ष न्याय की मांग करते हैं। जब तक कार्रवाई नहीं होगी, शव का अंतिम संस्कार नहीं करने देंगे।
सुसाइड नोट में वाई पूरण को लेकर लिखीं चार अहम बातें
कहा-पत्नी आईएएस, साला विधायक होने का दंभ भरते थे
पत्नी तो आईएएस है। साला एमएलए है और पूरी फैमिली एससी आयोग में है। मेरा कुछ नहीं बिगड़ेगा। शायद यहीं से एडीजीपी को भ्रष्टाचार करने की ताकत मिलती थी और दबाकर भ्रष्टाचार किया।
एडीजीपी का केस में नाम आने पर जातिगत आयोग का सहारा और राजनीतिक रंग देने के लिए झूठा सुसाइड नोट तैयार कर आत्महत्या की है। यह कदम केवल गिरफ्तारी से बचने के लिए उठाया।

आईएएस वाली लॉबी को ईमानदार अफसरों को टारगेट करने का मौका मिल गया। जातिगत जहर घोल ईमानदार व कर्मठ लोगों को प्रताड़ित कर रहे हैं।

आईएएस पत्नी अपना भ्रष्टाचार उजागर न हो, संपत्ति की जांच न हो, इसलिए ढोंग कर रही हैं। हमारे परिवार के एक मेहनती सदस्य की मौत हुई है। मामले की जांच की जा रही है। सुसाइड नोट या वीडियो के बारे में कुछ भी बताना अभी मुश्किल है। – *सुरेंद्र कुमार भौरिया, एसपी रोहतक।*
================================== आपके अपने शहर में



