16 अक्टूबर को हरिद्वार में लगेगा अनक्लेम्ड डिपॉजिट कैंप 10 साल से अटके पैसों का मौके पर होगा निस्तारण”
हरिद्वार जिलाधिकारी के निर्देश पर एलडीएम (लीड डिस्ट्रिक्ट मैनेजर) दिनेश गुप्ता ने जानकारी दी कि जिले में 16 अक्टूबर को एक विशेष शिविर आयोजित किया जा रहा है। यह कैंप होटल गार्डन व्यू, सिडकुल में सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक आयोजित होगा। इस कैंप का उद्देश्य उन अनक्लेम्ड डिपॉजिट्स (अप्राप्त जमा राशि) का निस्तारण करना है, जिन पर पिछले 10 वर्षों से किसी ने दावा नहीं किया है।
एलडीएम ने बताया कि इस शिविर में सभी राष्ट्रीयकृत और निजी बैंकों के साथ-साथ बीमा कंपनियों, सेबी (SEBI) और पेंशन विभाग के अधिकारी मौजूद रहेंगे। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में होने वाले इस कार्यक्रम में वित्तीय सेवा विभाग (DFS) के अधिकारी भी भाग लेंगे।
शिविर में बैंक खातों, बीमा पॉलिसियों, पेंशन योजनाओं और म्यूचुअल फंड से संबंधित अप्राप्त राशियों की जानकारी मौके पर ही दी जाएगी। जिन खातों या निवेशों पर कोई दावा लंबित है, उनका उसी समय निस्तारण किया जाएगा।
एलडीएम दिनेश गुप्ता ने आम जनता से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर यह सुनिश्चित करें कि उनका या उनके किसी परिचित का कोई धन बैंक, बीमा या निवेश योजना में अटका न हो। इस पहल का उद्देश्य नागरिकों की भूली-बिसरी या निष्क्रिय राशियों को सही हकदारों तक पहुंचाना है, जिससे जनता को उनके धन का उचित लाभ मिल सके
===================================
